स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे बिग बैश क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन बुधवार को दो मैच खेले गए। अपने-अपने मैच जीतकर गुफरान इलेवन लखनऊ व सीतापुर की टीम अगले दौर में पहुंच गई है। 11 दिसंबर को टूर्नामेंट का सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। चौथे दिन मैच का शुभारंभ बलरामपुर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। पहला मैच गुफरान इलेवन लखनऊ व आलम स्कॉट महराजगंज के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महराजगंज की टीम आठ ओवरों में 54 रन ही बना पाई। इस तरह लखनऊ की टीम 16 रनों से मैच जीत लिया। लखनऊ के खिलाड़ी विमल को 35 रन बनाने पर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। दूसरा मैच सीतापुर इलेवन व कुशीनगर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कुशीनगर ने आठ ओवरों में 68 रन बनाए। जवाबी पारी में सीतापुर की टीम पांचवें ओवर में ही 69 रन बनाकर नौ विकेट से मैच जीत लिया। पांच विकेट लेने वाले सीतापुर के खिलाड़ी वारिश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट के आयोजक व मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को उपहार देकर सम्मानित किया। कादिर वारसी व गौरव ने एंपायर की भूमिका निभाई।