उतरौला-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर स्थित पिपरी मोड़ के पास सोमवार की दोपहर करीब एक बजे सड़क हादसा हो गया। बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और 11 केवी बिजली पोल से टकरा गई। इसी दौरान पास से गुजर रही 33 केवी लाइन के बाइपास संपर्क में आने से कार में आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। आग की लपटें उठने से कुछ देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अविरल शुक्ल ने बताया कि मृतक की पहचान और कार सवारों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी थी। राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है।