बलरामपुर में मकर संक्रांति को लेकर शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। संक्रांति से पूर्व सोमवार को सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मां पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा व प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर के कोठारी ने बताया कि गुरु गोरखनाथ मंदिर और शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर का अटूट संबंध है। मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में हजारों कुंतल खिचड़ी चढ़ाई जाती है। वहीं, देवी पाटन मंदिर में भी श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। यहां के सूर्यकुंड में स्नान कर श्रद्धालु खिचड़ी दान करते हैं। मंदिर के पुजारी विशेष नाथ योगी ने बताया कि 51 शक्तिपीठों में शामिल देवी पाटन मंदिर में खिचड़ी के दिन मां की विशेष पूजा होती है। इस अवसर पर हलवे का प्रसाद अर्पित कर अक्षत को खिचड़ी स्वरूप में मां को चढ़ाया जाता है, जिसे बाद में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। यह अक्षत श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। अयोध्या से आए श्रद्धालु राजू संत रविदास ने बताया कि वे अपने मित्र विनोद के जन्मदिन के अवसर पर मां का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि दर्शन कर उन्हें अत्यंत शांति और प्रसन्नता की अनुभूति हुई है।