यूपी में बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र में लॉकडाउन की अफवाह और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की चर्चा फैलते ही बुधवार सुबह से ही कस्बा के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह रही कि वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग बोतल व डिब्बों में भी तेल भरवाने पहुंच गए। अचानक बढ़ी भीड़ से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा। पुलिस की निगरानी में क्रमवार पेट्रोल और डीजल का वितरण कराया गया। पंप कर्मियों ने भी लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक खरीदारी न करने की अपील की। पेट्रोल पंप संचालक अरुण कुमार और सतीश गुप्ता ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। अफवाह के कारण लोग घबराकर बड़ी मात्रा में तेल लेने पहुंच गए। इससे भीड़ बढ़ गई। आपूर्ति सामान्य है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।