बलरामपुर के तुलसीपुर में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के ऐतिहासिक मेले में इस वर्ष वैष्णों देवी का भव्य दरबार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। मां पाटेश्वरी के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस विशेष दरबार में पहुंचकर वैष्णो देवी यात्रा जैसा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। कृत्रिम गुफाओं, बर्फीले पहाड़ों और झरनों से सजे इस परिसर में श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण का अहसास कराया जा रहा है। दरबार की शुरुआत श्री गणेश मंदिर से होती है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर आगे बढ़ते हैं। इसके बाद बाणगंगा, भैरवनाथ और हनुमान मंदिर के प्रतीकात्मक स्थलों से गुजरते हुए श्रद्धालु गुफा मार्ग से मां वैष्णो देवी के दरबार तक पहुंचते हैं। संकरे रास्तों और घुमावदार गुफाओं से गुजरते हुए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि देवीपाटन धाम में वैष्णो देवी के इस दरबार से उन्हें जम्मू स्थित वैष्णो देवी धाम के दर्शन जैसा अनुभव मिल रहा है। मेले के शोर-शराबे के बीच यह दरबार श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति भी प्रदान कर रहा है। आयोजकों के अनुसार बांस-बलियों और कपड़े की मदद से तैयार इस अस्थायी ढांचे को बनाने में कई दिनों की मेहनत लगी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से यह दरबार मेले की रौनक बढ़ा रहा है।