एमएलके महाविद्यालय के खेल मैदान पर चल रहे महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह अखिल भारतीय प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट में रविवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। श्रीमेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी करमपुर गाजीपुर एवं नागपुर एकेडमी नागपुर की टीम अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर गई। गाजीपुर के राहुल राजभर व नागपुर के दिव्यांशु शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला 30 दिसंबर को खेला जाएगा। पहला सेमीफाइनल मैच श्रीमेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी करमपुर गाजीपुर एवं आईटीबीपी जालंधर के बीच खेला गया। आरएसएस के प्रचारक मनोज, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, वन निगम के पूर्व चेयरमैन सलिल सिंह टीटू, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी व प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। गाजीपुर के कप्तान मोनू राजभर ने 18वें तथा त्रिलोकी बेनवंशी ने 23वें मिनट में मैदानी गोल करके अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ के 49वें मिनट में आईटीबीपी जालंधर के रोहित ने पेनाल्टी स्ट्रोक एवं शुभम ने मैदानी गोल करके मुकाबला बराबरी पर ला दिया। मैच के 60वें मिनट में गाजीपुर के खिलाड़ी अर्पित राजभर ने मैदानी गोल करके अपनी टीम को 3-2 गोल से जीत दिला दी। मैच में बेहतर प्रदर्शन करने पर गाजीपुर के राहुल राजभर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दूसरा सेमीफाइनल मैच नागपुर एकेडमी नागपुर व भुसावल रेलवे ब्वायज महाराष्ट्र के बीच खेला गया। सदर विधायक पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष बलरामपुर आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, श्याम मनोहर तिवारी व डीपी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। नागपुर एकेडमी नागपुर के खिलाड़ी दीपक पटेल ने मैच के पहले हॉफ में आठवें मिनट पर गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हॉफ में नागपुर के दिव्यांशू शर्मा ने 49वें व 51वें मिनट में मैदानी गोल किया। महाराष्ट्र की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। इस तरह 3-0 से मैच जीतकर नागपुर एकेडमी नागपुर की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। नागपुर के खिलाड़ी दिव्यांशु शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।