दोकटी थाना क्षेत्र के प्रीतम छपरा गांव के पश्चिम दिशा में स्थित दियारा क्षेत्र में सोमवार को अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर लगभग सात एकड़ खड़ी गेहूं की फसल तथा करीब 150 बोझ गेहूं जलकर राख हो गए। समाचार लिखे जाने तक तहसील प्रशासन का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। रमेश सिंह के खेत में हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी ने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इससे आसपास के खेत भी इसकी जद में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका। घटना में रमेश सिंह, देवराज सिंह, लल्लन सिंह, अजित सिंह, रासबिहारी सिंह, रामचन्द्र सिंह की खड़ी फसल और श्रीभगवान सिंह की फसल और 150 गेहूं का रखा बोझ जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।