शहर के कासिम बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप संचालित शराब की दुकान को अन्यत्र स्थांतरित कराने की मांग को लेकर रविवार को मुस्लिम बिरादरी के लोगों ने भी मोर्चा खोल दिया है और धरना दिया। इस दौरान समुदाय के लोगों ने कहा कि कहा कि धर्म किसी का हो हम अपमान नहीं सहेंगे। हम मुसलमान है, लेकिन इस मंदिर के निर्माण से लेकर अब तक हुए हर आयोजन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते है। कहा कि हनुमान मंदिर पर काला कपड़ा देख मन बहुत दुखी है। शासन और प्रशासन से मांग किया कि शहर के कासिम बाजार रोड पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के बगल से शराब की दुकान हटाई जाएं।इसके पहले बीते एक अप्रैल से सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में मोहल्लावासी शराब की दुकान को स्थानांतरित करने की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे है। हालांकि बीच में कुछ दिन के लिए आंदोलन को प्रशासन की ओर से कार्रवाई के आश्वासन पर रोका गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार से आंदोलन पुन: प्रारंभ हो गया है। शनिवार को मोहल्लावासियों ने क़ासिम बाजार रोड पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर जिला प्रशासन की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया था। इसके बाद रविवार को मंदिर का सम्मान बचाओं, शराब की दुकान हटाओं के समर्थन में मुस्लिम समाज के लोग आंदोलनकारियों के समर्थन में उतर गए और धरना देते हुए शराब की दुकान हटाने और मंदिर में पूजन पाठन चालू करने के लिए दुआख्वानी की। शराब दुकान के विरोध में एक तरफ पंचमुखी हनुमान मंदिर पर ताला लगाकर मंदिर को काले कपड़े से ढक दिया गया। साथ ही पूजा-पाठ भी मंदिर में बंद कर दिया गया है।