जिले में आई आंधी व बारिश के दौरान कलेक्ट्रेट में बीते 75 दिन से धरना दे रहे गाेंड बिरादरी के आंदोलनकारियों का टेंट उजड़ गया,लेकिन धरनारत लोग मौके पर डटे रहे। हालांकि इस दौरान पेड़ की एक डाल टूटकर मंच पर आ गिर गई, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। बता दें कि गोंड बिरादरी के लोग जनजाति का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग को लेकर धरना 75 दिन से धरनारत है। इस दौरान धरना स्थल पर पहुंचे छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेन्द्र बहादुर सिंह झुन्नू ने कहा कि तहसील और जिला प्रशासन गोंड छात्र नौजवानों के सब्र का इंतहान ले रहा है। बारिश आंधी तूफान जैसी विकट परिस्थिति में भी गोंड समुदाय के लोग अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए डटे हुए हैं और प्रशासन असंवेदनशील बना हुआ हैं। ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन(आगसा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज शाह ने कहा कि यदि तत्काल जाति प्रमाण पत्र निर्गत करना प्रारंभ नहीं किया गया तो 21 अप्रैल को जेल भरो आंदोलन के तहत गिरफ्तारी दी जाएगी।