बलिया में नगरा खंड के भीमपुरा मंडल अंतर्गत एक निजी विद्यालय परिसर में रविवार को हिंदू सम्मेलन एवं समरसता सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां प्रस्तुत किया, जो लोगों का मन मोह लिया। प्रांत कार्यवाह विनय कुमार ने कहा कि आज भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, जो हिंदू समाज की एकता और संगठन की शक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण की प्रतीक्षा हिंदू समाज ने लगभग 500 वर्षों तक की और आज यह सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ चुका है। यह समाज की संगठित चेतना और धैर्य का प्रतीक है। उन्होंने हिंदू समाज से समरसता, अनुशासन और संगठन के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर लिए गए पंच प्रण की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर संत चरण चितरंजन दास, शकुंतला भारती, आयोजन समिति के अध्यक्ष ओंकार त्रिपाठी, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुनील शास्त्री तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत के प्रांत कार्यवाह विनय कुमार, छट्ठू राम, दिनेश राजभर, संजय सिंह, धर्मदेव सिंह, राजू सिंह, डा. ब्रजेश सिंह, राधेरामण, जिला कार्यवाह सतीश, प्रेम प्रकाश, निर्भय नारायण सिंह, मनोज मिश्रा, विपिन मिश्रा, नीरज सिंह, रमेश यादव, रम्भा तिवारी, लालिमा मिश्रा आदि उपस्थित रहे।