कस्बा और आसपास के क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रतसर से गोरखपुर के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शनिवार से प्रारंभ कर दी गई। पूर्व में रतसर से गोरखपुर के लिए कोई सीधा सार्वजनिक वाहन उपलब्ध नहीं था, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। भाजपा नेत्री एवं पूर्व ग्राम प्रधान रतसरकला के अनुरोध पर परिवहन निगम की ओर से रतसर से पूर, एकइल, सिकंदरपुर होते हुए गोरखपुर तक बस संचालन की स्वीकृति दी गई। गांधी आश्रम, नगर पंचायत रतसरकला पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश वर्मा, सीनियर फोरमैन नवीनचंद्र वर्मा, बेल्थरारोड डिपो इंचार्ज सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव की उपस्थिति में पूर्व ग्राम प्रधान व भाजपा नेत्री स्मृति सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे गांधी आश्रम रतसर से प्रस्थान कर लगभग 11:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से 11:30 बजे चलकर अपराह्न 3:00 बजे रतसर पहुंचेगी। दीप्ति सिंह, लोकेश पांडेय, दानिश, साबिर, धर्मेंद्र, धर्मेंद्र सिंह, टिंकू सिंह उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने बस सेवा शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।