भीमपुरा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपट्टी गांव में मंगलवार को पेड़ पर विक्की पटेल का शव लटका मिला था। घटना के तीसरे दिन परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया। अब तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को नहर चौक इब्राहिमपट्टी सड़क जाम कर दिया। विक्की की तस्वीर लेकर सैकड़ों युवा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी किया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम किया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे। परिजनों व मित्रों ने कहा कि घटना के तीन दिन बीतने के बाद अब तक पुलिस घटना स्थल के सामने अस्पताल में लगे सीसी कैमरे की जांच तक नहीं की है। जाम की खबर पर रसड़ा सीओ आलोक गुप्ता व आसपास थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। परिजनों ने कहा कि घटना के बाद अभी तक पुलिस दरवाजे तक पहुंच कर घटना की जानकारी तक नहीं लिया। मृतक का मोबाइल बरामद किया है लेकिन उसे मोबाइल के जरिए ना अब तक सीडीआर रिपोर्ट आई नहीं उसे चैट किए गए बातें खुलकर सामने आई है। पुलिस इस मामले में आरोपियों को बचाने में लगी है।