हल्दी में शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के हल्दी-सहतवार मार्ग पर स्थित जीएन पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुर को खंड शिक्षा अधिकारी ने बृहस्पतिवार को सील कर दिया। इस संबंध में बताया जा रहा है कि यह विद्यालय बगैर मान्यता के संचालित हो रहा था। विदित हो कि बुधवार को इस विद्यालय की वैन पेड़ से टकरा गई थी, जिसमें सवार एक छात्र गंभीर रुप से घायल हो गया था। सुल्तानपुर स्थित जीएन पब्लिक स्कूल की वैन बच्चों को लाने के लिए गायघाट की ओर जा रही थी, इसी बीच ड्राइवर ने गहलौत बस्ती के बच्चों को अपनी गाड़ी में बैठाकर जा रहा था कि गहलौत बस्ती के पास एनएच 31 के किनारे गिरे बरगद के पेड़ से वैन अनियंत्रित हो कर टकरा गई थी। जिसमें कक्षा सात का छात्र संदीप गुप्ता पुत्र विनय गुप्ता निवासी गहलौत बस्ती गंभीर रुप से घायल हो गया था। इसकी जानकारी होने पर खंड शिक्षा अधिकारी बेलहरी राजीव गंगवार ने ट्रामा सेंटर जाकर बच्चे की स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और बृहस्पतिवार को करीब साढ़े नौ बजे विद्यालय को सील कर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार ने बताया कि शासन का आदेश है कि बिना मान्यता को विद्यालय संचालित नहीं होगा, इसके लिए करीब एक माह पूर्व उक्त विद्यालय को नोटिस भी दिया गया था।