रूपईडीहा। आदर्श नगर पंचायत रूपईडीहा में आज सफाई व्यवस्था उस समय प्रभावित हो गई जब सफाई कर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में रखे कूड़ेदानों से कूड़ा निकालकर उसे सड़क, मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर फैला दिया। इस दौरान सफाई कर्मी “हमारी मांगें पूरी करो” के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करते रहे। कस्बे के कश्यप ऋषि चौराहा, जामा मस्जिद चौराहा, माल गोदाम रोड, स्टेशन रोड और बजाज मार्केट सहित कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगा दिए गए, जिससे आमजन को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। नगर पंचायत भवन के बाहर भी कूड़ा फेंके जाने की सूचना है। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि सफाई कार्य के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं और किसी भी कर्मी को कार्य करने से रोका नहीं गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव के इशारे पर सफाई कर्मी काम नहीं कर रहे हैं और विरोध कर रहे हैं। अध्यक्ष के अनुसार सफाई कर्मी सुपरवाइजर के साथ कार्य करने को तैयार नहीं हैं और यह भी आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें सफाई का सामान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जबकि सभी आवश्यक उपकरण नगर पंचायत भवन में उनकी निगरानी में रखे गए हैं। बताया गया कि सफाई कर्मी हाल ही में नगर पंचायत की नवनिर्मित बिल्डिंग में एकत्र हुए थे और बहराइच में भी आंदोलन में शामिल हुए थे। वर्तमान स्थिति को लेकर नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।