जनपद बहराइच के पयागपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी के उपर नगर पंचायत के विकास कार्यों में अड़चन पैदा करने का गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा विधायक के खिलाफ कार्यवाही की माँग को लेकर राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। सपा के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव का आरोप है कि उनके भाई विपिन श्रीवास्तव जबसे नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं तबसे लगातार भाजपा विधायक के द्वारा नए नए षडयंत्र रचकर मुकदमे लिखवाए जा रहे हैं और नगर पंचायत के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है जिसकी वजह से पिछले 3 वर्षों से पयागपुर नगर पंचायत का कार्य बिल्कुल ठप है। जनता त्राहि त्राहि कर रही है जबकि भाजपा विधायक किसी भी अधिकारी कर्मचारी को कार्य नही करने दे रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि विधायक की दबंगई से तंग आकर आज धरना प्रदर्शन किया गया है और ज्ञापन के माध्यम से जनता विरोधी विधायक के खिलाफ कार्यवाही की माँग उठायी गई है।