फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने रूपईडीहा सीमा का किया निरीक्षण, नशीली दवाओं की तस्करी पर जताई चिंता

देवीपाटन मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार शुक्ला ने रूपईडीहा थाना एवं भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने हाल के दिनों में बहराइच और रूपईडीहा क्षेत्र में भारी मात्रा में बरामद कोडीन युक्त कफ सिरप एवं अन्य नारकोटिक्स दवाओं के मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक बहराइच को पूरे मामले की एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डीआईजी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सहायक कमांडेंट अमित कटियार से भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा तस्करी रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सीमा पर चौकसी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के क्रम में डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला नो-मेंस लैंड भी पहुंचे, जहां उन्होंने नेपाल पुलिस तथा आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर सीमा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और तस्करी की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर होने वाले अपराधों एवं अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एवं पुलिस एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। संयुक्त प्रयासों से ही सीमा पार सक्रिय अपराधियों और तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह, प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा रमेश सिंह रावत, एसएसबी के सहायक कमांडेंट अमित कटियार तथा नेपाल पुलिस एवं एपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें