दीपावली, भाईदूज और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन करने वाले नागरिकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सीमा पर सुरक्षा का दायरा और सख्ती दोनों बढ़ा दी है। रूपईडीहा सीमा चौकी पर तैनात एसएसबी की 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट अमित कुमार और निरीक्षक ऋतुराज के नेतृत्व में सीमा पर आवागमन करने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। स्कैनर, डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आने-जाने वाले नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। प्रतिदिन करीब 30 से 50 हजार लोग नेपाल से भारत आ-जा रहे हैं। एसएसबी जवानों के साथ नेपाली एपीएफ बल भी संयुक्त रूप से गश्त कर रहे हैं और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं, सीमा क्षेत्र के बाजारों में खरीदारी बढ़ने से व्यापारी वर्ग उत्साहित है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष कन्हैया वर्मा, कोषाध्यक्ष बलराम मिश्रा और हाजी अब्दुल रहीम ने बताया कि दीपावली के चलते रूपईडीहा बाजार में कपड़ों, जनरल स्टोर और सूखे मेवों की बिक्री में तेजी आई है। सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि सभी सीमा चौकियों पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।