फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video : बहराइच में इफ्को गोदाम पर डीएपी खाद के लिए मची मारामारी, किसानों में नाराजगी

आकाश द्विवेदी Updated Mon, 03 Nov 2025 07:41 PM IST

शहर के गोंडा रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित इफ्को गोदाम पर डीएपी खाद लेने के लिए इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है। किसानों को खाद के लिए पूरी-पूरी रात लाइन में बैठना पड़ रहा है, इसके बावजूद अधिकांश किसान खाली हाथ ही लौट रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कई किसान लगातार चार से पांच दिनों से केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी उन्हें डीएपी नहीं मिल रही। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। कमोलिया गांव के किसान परदेसी ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से गोदाम पर आ रहे हैं। रातभर लाइन में बैठने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिली। मकरंदपुर गांव के किसान रिंकू जायसवाल ने बताया कि वह एक दिन पहले देर रात में ही लाइन में लग गए थे। सुबह गोदाम खुलते ही वितरण शुरू हुआ, लेकिन 50 टोकन तक ही खाद बांटी गई। उनका नंबर 51 था, इसलिए उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। कमोलिया के ही किसान श्रीनिवास ने कहा कि वह पिछले पांच दिनों से गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं। सुबह चार बजे से लाइन में बैठे हैं, लेकिन हाथ पर टोकन लिखे होने के बावजूद प्रभारी ने उन्हें खाद देने से मना कर दिया। किसानों ने प्रभारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। जिला कृषि अधिकारी सूबेदार यादव ने बताया कि इफ्को केंद्रों पर टोकन व्यवस्था के तहत ही खाद का वितरण किया जा रहा है। यदि किसानों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें