नववर्ष के मद्देनजर बहराइच में भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नववर्ष के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग भारतीय क्षेत्र से नेपाल जाकर न्यू ईयर सेलिब्रेशन करते हैं, जिसे देखते हुए एसएसबी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सीमा के प्रमुख चेक पोस्टों पर एसएसबी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों के पहचान पत्रों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। वाहनों की तलाशी के साथ-साथ सामान की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, नववर्ष के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध दस्तावेज साथ रखें और जांच में सहयोग करें। रूपईडीहा सीमा चौकी पर तैनात सहायक कमांडेंट अमित कटियार के निर्देश पर यह सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत द्वारा सीमा पर आवागमन करने वाले नागरिकों की सघन जांच के बाद ही आवाजाही की अनुमति देने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों की जांच डॉग स्क्वायड, सीसीटीवी कैमरे और स्कैनर मशीन की सहायता से की जा रही है।