फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में तराई में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी

बहराइच में तराई क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह तक साफ आसमान के बीच लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे, लेकिन करीब 10 बजे के बाद अचानक काले घने बादल छा गए। देखते ही देखते तेज हवा के साथ गरज-चमक शुरू हुई और 11 बजे के आसपास बारिश की बौछारें पड़ने लगीं। बारिश इतनी तेज रही कि दिन में ही अंधेरा सा माहौल बन गया और कई जगह वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। अचानक बदले इस मौसम ने सबसे ज्यादा चिंता किसानों की बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल बारिश में भीग गई, जिससे नुकसान की आशंका गहरा गई है। पयागपुर के किसान राजेश, मनोज और प्रताप ने बताया कि एक दिन पहले ही सरसों की कटाई कर फसल खेत में रखी गई थी, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान शिवदयाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह सरसों की कटाई में लगे थे, तभी तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे न सिर्फ कटी फसल भीग गई, बल्कि खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि इस समय सरसों की कटाई का सीजन चल रहा है और ऐसे में बारिश से दाना खराब होने की संभावना बढ़ जाती है। मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की थी, जिससे किसानों की चिंता और गहरा गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह अस्थिर रह सकता है, ऐसे में किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें