बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे ककरहा और सुजौली रेंज क्षेत्र में तेंदुए के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते तीन दिनों में चार हमलों की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कतर्नियाघाट के मुर्तिहा और ककरहा रेंज के माधवापुर, हरखापुर और अयोध्यापुरवा गांवों में तेंदुए की गतिविधियां अधिक देखी जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब खेतों के साथ-साथ गांव की सड़कों और बस्तियों के आसपास भी घूम रहा है। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। माधवापुर निवासी रामलाल, हरखापुर के इरफान और अयोध्यापुरवा के जाकिर अली ने बताया कि लगातार हो रहे हमलों से गांव में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि “अब रात में ही नहीं, दिन में भी खेत जाने से डर लगने लगा है। बच्चों और महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। कई बार तेंदुआ रास्तों पर भी दिखाई दे रहा है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमों को तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।