यूपी के बहराइच में पंचायत विकास मंच के बैनर तले फखरपुर ब्लॉक में बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में प्रधान एकत्र हुए और खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंप कर मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का बकाया भुगतान कराने तथा पंचायत चुनाव समय पर न होने की स्थिति में वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की। प्रधानों का कहना है कि मनरेगा के अंतर्गत पूर्व में कराए गए कार्यों का भुगतान काफी समय से लंबित है। इसके चलते श्रम एवं सामग्री मद में करोड़ों रुपये बकाया हो गए हैं। इससे आपूर्ति करने वाले ठेकेदारों और फर्मों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण प्रधानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 26 मई को वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में यदि समय रहते भुगतान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर कराना फिलहाल कठिन प्रतीत हो रहा है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण में देरी, पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन न होना तथा आरक्षण से संबंधित प्रक्रिया का पूर्ण न होना इसके प्रमुख कारण हैं। प्रधानों ने मांग की कि यदि चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं तो वर्तमान प्रधानों को ही आगे कार्य करने का अवसर दिया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बाहरी प्रशासकों की नियुक्ति लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध होगी। इस दौरान ब्लॉक के कई प्रधान और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।