बहराइच में रविवार रात को तेज रफ्तार कार और कंबाइन हार्वेस्टर के बीच हुई सीधी टक्कर में चार दोस्तों की मौत हो गई। जबकि, दो की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा इलाके के डिगिहा पेट्रोल पंप के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंबाइन हार्वेस्टर चालक सड़क किनारे खड़ा था। अचानक सड़क की ओर मुड़ने लगा। इसी समय नानपारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 20 फीट तक घिसटती हुई सड़क किनारे झाड़ियों में पलट गई। टक्कर के प्रभाव से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सड़क पर निकल रहे राहगीरों ने छत उखड़ कर उड़ते हुए देखी। हादसे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद 7 फीट की कार लगभग 4 फीट में सिमट गई। घायल शिवम ने कराहते हुए बताया कि हादसे के समय सभी दोस्त आपस में बात कर रहे थे, अचानक तेज धमाका हुआ और आंखें के सामने अंधेरा छा गया। यह बताते हुए शिवम की आंखें से आंसू गिरने लगे। उधर हादसे के बाद कंबाइन चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग गया। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और मटेरा थाना प्रभारी हरिकेश सिंह तथा कोतवाली नानपारा प्रभारी राजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो की सांसें चल रही थीं। घायलों को पहले नानपारा सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार के अंदर खून ही खून फैला हुआ था और दृश्य बेहद भयावह था। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि कंबाइन से टक्कर के कारण यह भीषण हादसा हुआ है, जिसमें चार लोगों की मौत हुई है और दो घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के बाद गायब कंबाइन चालक की तलाश जारी है।