बहराइच में सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रविवार को होने वाले इस पवित्र पर्व के लिए लोग पूरी उत्साह के साथ खरीदारी में जुटे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही बाजार में चहल-पहल देखने को मिली। महिलाएं परिवार के साथ कपड़ा, चूड़ी, फल-सब्जी और पूजन सामग्री की खरीदारी करने पहुंच रही हैं। शहर के चौक बाजार में महिलाओं की भीड़ दिन भर उमड़ती रही। कपड़ों की दुकानों पर रौनक देखते ही बन रही थी। महिलाएं नई साड़ियां, चुनरी और पारंपरिक परिधानों की खरीदारी करती नजर आईं। इसी के साथ चूड़ी और कंगन की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। छठ पर्व पर खासतौर पर लाल, पीले और नारंगी रंग की चूड़ियों की बिक्री अधिक हो रही है। वहीं दूसरी ओर सब्जी और फल की दुकानों पर भी ग्राहकों का तांता लगा रहा। छठ पूजा में प्रयोग होने वाली पूजन सामग्री, जैसे सूप, डाला, नारियल, गन्ना और दीपक की भी जमकर खरीदारी हुई। फल व्यवसाई मुन्ना ने बताया कि पूजा में कई तरह के फलों को मिलाकर टोकरी तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि 500 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक की सजी हुई फल टोकरी लोगों को पसंद आ रही है।