उत्तर प्रदेश में सरकार द्वारा खाद विक्रेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर शनिवार को बहराइच में खाद विक्रेताओं ने दुकानें बंद करके प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसमें उचित दर पर खाद सप्लाई कराने की मांग की। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर रहे फुटकर खाद विक्रेताओं ने कहा कि सरकार चाहती है कि हम 266 रुपये में यूरिया की बोरी किसानों को बेचे। जबकि, विक्रेताओं को ही यह बोरी 290 रुपये से अधिक दाम पर मिल रही है। ऐसे में सरकार द्वारा तय किए गए रेट पर हम यूरिया की बोरी कैसे बेच सकते हैं। यह सरकार को ही तय करना होगा।