बहराइच में आदर्श नगर पंचायत, रुपईडीहा में आज से नव दिवसीय राम कथा का भव्य आयोजन प्रारंभ हो गया। इस अवसर पर राम जानकी मंदिर रुपईडीहा से एक भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें 51 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यह शोभा यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, नेशनल हाईवे 927, माल गोदाम रोड और बजाजा मार्केट होते हुए रुपईडीहा धर्मशाला पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ यात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। राम कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा, जो लगातार 9 दिनों तक चलेगा। कथा वाचन अयोध्या की कथावाचक मंजूलता द्वारा किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिन मंजूलता ने अपने प्रवचन में कहा कि स्वर्ग किसी ने देखा नहीं है, लेकिन मनुष्य को ऐसे कर्म करने चाहिए, ताकि उसे धरती पर ही स्वर्ग जैसा अनुभव हो सके और यह संसार स्वर्ग समान बन जाए। इस धार्मिक आयोजन का संचालन नगर पंचायत रुपईडीहा के अध्यक्ष डॉक्टर उमाशंकर वैश्य के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में अनिल अग्रवाल, रतन अग्रवाल, नरेश मित्तल, संजीव अग्रवाल, बलराम मिश्रा, कृष्ण मोहन, रामचंद्र अग्रवाल, श्रीचंद गुप्ता सहित कई गणमान्य लोगों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में सीताराम अग्रवाल, अनिल गुप्ता, पूरनमल अग्रवाल, अजय कुमार, संतोष कुमार, पार्वती वर्मा, विनोद कसौधन सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।