बागपत जनपद में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर आईसीआईसीआई बैंक के पास बृहस्पतिवार रात हुए सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर लगने से भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में केतीपुरा मोहल्ला निवासी शादाब (22) और उसके साथी साहिल (25) निवासी मिर्धानपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉली पर बैठा समीर बाल-बाल बच गया। समीर ने बताया कि वे हरियाणा से भूसा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्रक की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। बताया गया कि शादाब अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि साहिल छह भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। मामले की जांच कर रहे अधिकारी बृजेश कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।