बागपत जनपद के ब्राह्मणपुट्ठी गांव में मंगलवार रात तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश एक बुजुर्ग महिला बाला देवी के कान उखाडकर कुंडल खींच ले गए। बाला देवी के शोर मचाने पर भाग गए। ग्रामीणों ने बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की। ब्राह्मण पुट्ठी गांव के प्रधान राजीव ने बताया कि उनकी विधवा भाभी बाला देवी बीमार है, जो रात में दवाई लेकर सो गई थी। रात करीब 12 बजे बाला देवी ने शोर मचाया तो परिवार के लोग वहां पहुंचे। बाला देवी के कानों से खून बह रहा था और मकान के मुख्य गेट का छोटा दरवाजा भी खुला हुआ था। इसके अलावा गांव के ही संजय के मकान में घुसकर चोर साढे आठ हजार रुपये की नकदी, देशी घी के डिब्बे और चार बोरी गेहूं चोरी कर ले गए। इसके अलावा उनके चाचा बुद्धप्रकाश के घर से पांच हजार रुपये का सामान चोरी किया गया। एक रात में ब्राह्मणपुट्ठी गांव के तीन घरों में चोरी और बुजुर्ग महिला के कान से कुंडल खींचने की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।