बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की गई। परीक्षा में नकल रोकने और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अंदर ले जाने से रोकने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों से सिर पर बनाए गए बालों का जुड़ा खुलवाया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसमें कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपा न हो। इसके साथ ही कानों में ईयरफोन या किसी अन्य डिवाइस की भी बारीकी से जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने कई अभ्यर्थियों से जूते उतरवाकर तलाशी ली, ताकि कोई चिप या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाया जा सके। पूरी जांच प्रक्रिया के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।