उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ है। बड़ौत में आयोजित जैन निर्वाण महोत्सव में दर्दनाक हादसा हुआ है। कार्यक्रम के लिए लगा स्टेज टूटने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 75 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आनन-फानन एंबुलेंस नहीं मिलने पर घायलों को ई रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही बड़ौत कोतवाली इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी और एडिशनल एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।