बागपत जिले के पुराने कस्बे में शनिवार को रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक युवक पर तमंचे से फायर कर दिया गया, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भाई के साथ मारपीट हुई। घटना के दौरान पास स्थित एक धार्मिक स्थल को भी नुकसान पहुंचा। घटना पुराने कस्बे में स्थित शेख बाहुद्दीन की मजार के पास हुई। बताया गया कि दो युवकों के बीच रुपये को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान एक युवक ने गुस्से में आकर सलमान नामक युवक पर तमंचे से फायर कर दिया। सलमान किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, लेकिन गोली चलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जब उसका भाई रिजवान बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। फायरिंग और झगड़े के दौरान मजार की दीवार को भी नुकसान पहुंचा, जिससे धार्मिक भावना भड़कने लगी। मौके पर जुटे लोगों ने विरोध जताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सलमान और रिजवान ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।