बागपत जनपद के दोघट कस्बे में पत्रकारों से वार्ता के दौरान भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि भाजपा सरकार मंदिर और शमशान घाट की भूमि पर कब्जा करा रही है। योग गुरु बाबा रामदेव के शर्बत जिहाद वाले बयान पर बोले की स्वामी होकर राजनीतिक भाषा बोलने से बचना चाहिए। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत गुरुवार को दोघट कस्बे में राजेंद्र चौधरी के आवास पर पहुंचे। चौधरी राकेश टिकैत ने पत्रकारों को वार्ता के दौरान कहा कि सरकार मंदिर, शमशान घाट एवं पट्टे आदि की भूमि पर कब्जा करा रही है। हाइवे में जा रही किसानों की भूमि पर जबरन कब्जा किया जा रहा है उन्हे मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। कहा कि सरकार को हाइवे में गई भूमि का मुआवजा देना होगा वरना आंदोलन शुरू होगा। किसानों को इस समय चार लड़ाई लड़नी पड़ रही है। खेत में गेंहू कटाई, गन्ना कटाई,गन्ना बुआई के साथ सरकार से अपनी जमीन बचाने को लड़ाई लड़नी पड़ रही है। योग गुरु स्वामी रामदेव के शर्बत जिहाद वाले बयान पर बोले की स्वामी होकर राजनीतिक भाषा न बोले सरकार का पता नहीं कब बदल जायेगी। वक्फ बिल के सवाल पर कहा कि वो अपनी लड़ाई लड़ रहे है हम किसानों की भूमि बचाने की अपनी लड़ाई लड़ रहे है सभी को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। इसके बाद भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत बामनौली, थल,कासिमपुर खेड़ी आदि स्थानों पर कार्यक्रमों में पहुंचे। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख कुलदीप तोमर, राजेंद्र चौधरी,गजेंद्र चौधरी,यशपाल सिंह, राजीव कुमार, रामकुमार सिंह, बिजेंद्र प्रधान, कृष्णपाल आदि मौजूद रहे।