बागपत में गांगनौली में कट की मांग को लेकर भाकियू की ओर से प्रस्तावित ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा को पुलिस ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर जाने से रोक दिया। शनिवार को अग्रवाल मंडी टटीरी में एक्सप्रेसवे की ओर ट्रैक्टर लेकर जा रहे भाकियू कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड और जेसीबी लगाकर रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। बैरिकेड लगाकर रोके गए ट्रैक्टर भाकियू नेताओं ने गांगनौली में कट की मांग को लेकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर से तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा की थी। शनिवार को कार्यकर्ता ट्रैक्टर लेकर एक्सप्रेसवे की ओर बढ़े तो पुलिस ने अग्रवाल मंडी टटीरी में बैरिकेड और जेसीबी लगाकर रास्ता रोक दिया। पुलिस के रोकने पर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। पुलिस-प्रशासन ने एक्सप्रेसवे पर हादसे की आशंका को देखते हुए यात्रा को वहां से जाने की अनुमति नहीं दी। हाईवे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची यात्रा भाकियू दिल्ली-एनसीआर के महासचिव प्रदीप धामा और जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने बताया कि पुलिस द्वारा एक्सप्रेसवे पर रोकने के बाद कार्यकर्ताओं ने यात्रा का रास्ता बदल दिया। इसके बाद ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा बागपत-मेरठ हाईवे से होते हुए वंदना चौक पहुंची और वहां से कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न हुई। भाकियू नेताओं ने कहा कि गांगनौली में कट की मांग को लेकर संगठन का आंदोलन जारी रहेगा।