रटौल क्षेत्र के सहबानपुर निवासी 62 वर्षीय लीलू शर्मा का शव सरफाबाद के पास हाईवे किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया कि लीलू शर्मा बुधवार शाम घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन दो दिन तक वापस नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह सरफाबाद के किसानों ने हाईवे किनारे एक शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने शव की पहचान लीलू शर्मा के रूप में की और परिजनों को भी इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार मृतक के एक बेटा और एक बेटी हैं। वह अत्यधिक शराब का सेवन करते थे तथा गांव में पशुपालकों से पशु ठेके पर लेकर जंगल में चराने का कार्य करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पहले मृतक के भतीजे ने भी अपने मासूम बेटे की मौत के बाद गांव के जंगल में पेड़ से लटककर जान दे दी थी। पुलिस ने शव का परीक्षण कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने शव परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। जांच अधिकारी अतर सिंह ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर परिजनों के लिखित अनुरोध के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।