शहर कोतवाली क्षेत्र के बवाली मोड़ पर 11-12 मई की रात करीब 12.40 बजे एक सफेद चार पहिया कार से एक युवक को जान से मारने की नियत से चढ़ा दिया गया। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। जानकारी मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के बागेश्वर नगर मोहल्ला निवासी अमरजीत कुमार मल्ल एडवोकेट ने कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका भाई मान सिंह अपने मित्र गोकुल वर्मा की शादी से मंझगावा कोठिया शहिदवारा से लौट रहे थे। वह जैसे ही बवाली मोड़ पर पहुंचे थे तभी हीरापट्टी निवासी अंकित सिंह उर्फ गब्बर सिंह व एक अज्ञात व्यक्ति चार पहिया वाहन से आए और उसके भाई मान सिंह को जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ा दी। गाड़ी का अगला पहिया मान सिंह के पैर और पिछला पहिया पेट पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। गाड़ी आपस में टकराने को लेकर। एक पक्ष से अंकित ने जान मारने की नियत से मान सिंह के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इस मामले में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।