विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में संगठन की ओर से समाज में सुरक्षा, अवैध कब्जों की रोकथाम तथा अन्य कथित समस्याओं पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर जेहादियों का पुतला फूंका। संगठन के जिला संयोजक सुरेश विश्वकर्मा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से जनपद एवं प्रदेश स्तर पर व्याप्त विभिन्न समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है। सह जिला संयोजक शिवम सिंह एवं सूरजमणि सोनकर ने मांग किया कि प्रदेश विरोधी और आर्थिक अराजकता फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त एवं कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर हुए सभी अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए। लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण जैसे कृत्यों को रोकने के लिए कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए। जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे शोषण को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित किया जाए। बजरंग दल राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है। हम मांग करते हैं कि प्रशासन इन असामाजिक तत्वों पर नकेल कसे ताकि देश में शांति और सद्भाव बना रहे। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री विद्यासागर, विभाग सहमंत्री मनोज साहू, डॉ. आरबी प्रसाद, राहुल राय, नीरज, सतीश चंद्र, प्रवीण सिंह, अभिषेक मिश्रा, अभिनव सोनकर, अमर राजभर, करण कुमार, ओमप्रकाश यादव, डॉ प्रकाश राम, विवेक वर्मा, शिवांश शुक्ला, शिवम सोनकर, सतीश पासवान, अर्जुन सिंह आदि उपस्थित थे।