आजमगढ़ में पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने रविवार को 29वीं अन्तरजनपदीय वाराणसी जोन जूडो क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ किया। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देशन में आयोजित यह प्रतियोगिता 17 मई से 19 मई तक जनपद में आयोजित की जा रही है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जूडो, वुशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट जैसी विभिन्न मार्शल आर्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में आजमगढ़, मऊ, बलिया, भदोही, जौनपुर, चंदौली एवं गाजीपुर सहित कुल सात जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 114 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 95 पुरुष एवं 19 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी ने खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।