आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के नेतृत्व में नवंबर 2024 का यातायात माह शुक्रवार को शुरू किया गया। जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है। इस अभियान में सड़क सुरक्षा के पांच मुख्य स्तंभ शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग, आपातकालीन देखभाल, और पर्यावरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान, स्कूलों में छात्रों के लिए निबंध, चित्रकला, और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। ताकि नई पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके। साथ ही, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, और मोबाइल फोन के दुरुपयोग जैसे यातायात नियम उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।इंजीनियरिंग सुधार के अंतर्गत हाइवे और एक्सप्रेसवे पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा रहे हैं, अवैध कट्स बंद किए जाएंगे, और संकेतक लगाए जाएंगे। आपातकालीन देखभाल के तहत, आमजन को दुर्घटनाओं के समय त्वरित सहायता देने के लिए फर्स्ट एड ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य गैरकानूनी उपकरणों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। यातायात माह के शुभारंभ पर पुलिस अधीक्षक ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो लोगों में सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाने के लिए प्रेरित करेगी।