फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवारा को एक अध्यापिका से दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने तमंचे से अध्यापिका को घायल कर 1 लाख रुपये नकदी, सोने की चैन, मोबाइल और पर्स लूट लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। लखनऊ निवासी चंद्रकला पत्नी धर्मेंद्र आर्य, फूलपुर कोतवाली के सैदपुर में अपने मायके के कंपोजिट विद्यालय, सैदपुर में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार को चंद्रकला पलिया स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की अमरेथु शाखा से 1 लाख रुपये निकालकर अपने पति धर्मेंद्र के साथ बाइक से सैदपुर-खानजहांपुर मार्ग पर लौट रही थीं। जैसे ही वे इंटर कॉलेज के पास पहुंचीं, दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और दोनों को गिरा दिया। बदमाशों ने तमंचे से चंद्रकला के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया और उनके पर्स में रखे 1 लाख रुपये नकदी, गले की सोने की चैन, मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। चंद्रकला ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस, अंबारी पुलिस चौकी और फूलपुर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और चंद्रकला के प्रार्थनापत्र पर उनका बैंक खाता सीज कर दिया गया है। फूलपुर कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी मिली है और मामले की गहन जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई है।