आजमगढ़ जिले में न्यायिक कार्यशैली से नाराज दी डिस्ट्रिक्ट बार के अधिवक्ताओं ने संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक की अध्यक्षता में सोमवार को चक्रमण कर डीएम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना दिया। प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्य से विरत रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि डीएम समेत सभी राजस्व न्यायालयों में न्यायिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। स्थिति यह है कि न तो कालबाधित दावे, तजवीसानी, अपील निगरानी स्वीकार किये जा रहे और न ही उन्हें लॉनलाइन वाद दर्ज किया जा रहा है। इससे नैसर्गिंक न्याय का हनन हो रहा है, जबकि इस संबंध में डीएम से कई बार वार्ता हो चुकी है। उनकी ओर से आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे परेशान क्षुब्ध होकर अधिवक्ताओं को प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ा। कहा कि अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो जिले के सभी बार संघ एकजुट होकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी डीएम की होगी। मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि राजस्व न्यायालयों द्वारा बगैर सुनवाई के ही वादों का खारिज किया जाना, सर्वोच्च व उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है। इससे वादकारियों को न्याय मिल पाना असंभव हो गया है। राजस्व न्यायालयों के मनमाने रवैये को बार बर्दाश्त नहीं करेगा। इस मौके पर संघ के जुड़े सभी अधिवक्ता मौजूद थे।