जिले में ग्राम प्रधान पर दिनदहाड़े जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के रामदासपुर गांव के ग्राम प्रधान लालजी यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर मारपीट करने और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान लालजी यादव के अनुसार 12 मार्च को वह अपने निजी कार्य से आजमगढ़ शहर आए थे। कार्य पूरा करने के बाद दोपहर करीब दो बजे जब वह अपने गांव लौट रहे थे, तभी पलिया पुल से थोड़ा आगे पांच लोगों ने उन्हें नमस्ते कर रोक लिया। आरोप है कि रुकने के बाद हमलावरों ने उनकी गाड़ी की चाबी निकालने की कोशिश की और कॉलर पकड़कर जान से मारने की नीयत से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया और उनकी जेब से 4700 रुपये छीन लिए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद किसी तरह उनकी जान बच सकी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि इससे पहले 15 दिसंबर को भी चार लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया था। उस समय उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना मेंहनगर थाने में दी थी, लेकिन आरोप है कि उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ग्राम प्रधान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि इस संबंध में हमें कोई सूचना नहीं है ना ही कोई तहरीर मिली है। दो तीन महीने पहले मारपीट की सूचना मिली थी, उस पर कार्रवाई की गई है।