अहरौला क्षेत्र के पकड़ी बाजार में बुधवार रात करीब 8:30 बजे शॉर्ट सर्किट से एक फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में भीषण आग लग गई। घटना के समय दुकान बंद कर दुकानदार घर जा चुका था। आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। नन्हूसाह (सिपाह) गांव निवासी हरिकेश यादव ने बताया कि उसकी फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान पकड़ी बाजार में किराए के मकान में संचालित थी। बुधवार रात दुकान बंद होने के कुछ देर बाद अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने आग लगने की सूचना उसे दी। सूचना मिलते ही वह दुकान पर पहुंचा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर बड़ी संख्या में बाजार के लोग और ग्रामीण इकट्ठा हो गए तथा आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान मालिक हरिकेश यादव ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखी करीब 20 आलमारी, 16 कूलर, 15 फ्रिज, 13 टीवी, 22 बेड, 16 सिंगारदानी, 20 गद्दे, 8 सोफा सेट, कुर्सी, मेज, 20 आटा चक्की, 13 वाशिंग मशीन, 17 डाइनिंग टेबल, 24 मिक्सर, 8 मंदिर, पंखे, पेटी-बक्सा समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और लगभग 65 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए। उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि रात में ही मौके पर पहुंचकर नुकसान का प्राथमिक आकलन किया गया है। संबंधित लेखपाल को रिपोर्ट भेज दी गई है, जो विस्तृत क्षति रिपोर्ट तहसील में प्रस्तुत करेंगे।