नगर के व्यस्त अग्रसेन चौराहे पर दिनदहाड़े हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो शहर कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन चौराहे का है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे दो युवकों ने एक व्यक्ति को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारा। चौराहे के एक छोर से दूसरे छोर तक झड़प होती रही। एक राहगीर ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित की पहचान गंभीरवन निवासी हरेंद्र भारती के रूप में हुई है, जो नगर के एक शॉपिंग मॉल में काम करते हैं। हरेंद्र के अनुसार, वह स्कूटी से मॉल जा रहे थे, तभी सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के पास गलत दिशा से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। जब उन्होंने बाइक सवार से नुकसान की भरपाई की मांग की, तभी दो अन्य युवक मौके पर पहुंचे, बाइक सवार को भगा दिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। हरेंद्र ने बताया कि घटना कि जानकारी उन्होंने अपने भाई सुरेंद्र भारती को दी। जब सुरेंद्र मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई करने की कोशिश की। उन्होंने 112 नंबर पर कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।