आजमगढ़ के महाराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम नउवा कापूरा में शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे अज्ञात कारणों से रिहायशी मंडईयों में आग लग गई, जिससे 12 से अधिक मंडई जलकर राख हो गईं। आग की इस घटना में कई परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। बताया जा रहा है कि आग अचानक लगी और देखते ही देखते फैलकर विकराल रूप ले लिया। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और लोग आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस अगलगी की घटना में फेकू, दिनेश, सुरेश, सीताराम, महेश, लाल विहारी, रघुवीर, नीला, महेंद्र और हरिकेश सहित करीब एक दर्जन लोगों की रिहायशी मंडई जल गई। मंडई में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आग से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। आग लगने से सामान तो जल गए लेकिन सभी बाल-बाल बच गए। आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। मामले की जांच की जाएगी।