इस बार भारत के पहले गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वी जयंती केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ भाजपा धूमधाम से मनाने जा रही है। अयोध्या जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को यहां कहा कि केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय मेरा भारत विकसित भारत पदयात्रा का आयोजन देश भर में कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन पूरे देश में एकता को बढ़ाना, राष्ट्रीय गौरव को जगाना और समाज के भीतर कर्तव्य बोध का भाव पैदा करना है। इसके लिए युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। 31 अक्तूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर किया जा रहा है। इस बार व्यापक रूप से पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सभी जनपदों के सभी लोकसभा क्षेत्र और सभी विधानसभा क्षेत्र में कम से कम आठ किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्र में इसका आयोजन करेंगे। इस मौके पर विभिन्न इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज में वाद विवाद प्रतियोगिता, लेखन प्रतियोगिता, रंगोली के कार्यक्रम, चित्र प्रदर्शनी और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन के बारे में जानकारी दी जाएगी।