साकेत महाविद्यालय में चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह का शुभारंभ बुधवार को महाविद्यालय परिसर में हुआ। समारोह का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दान पति तिवारी के नेतृत्व में 4 अप्रैल तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री आलोक बंसल, आनंद कुमार सिंघल और मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने किया। इस दौरान नेवल विंग और रेडक्रॉस के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया। आयोजन सचिव पूनम जोशी ने बताया कि समारोह के प्रथम दिन 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ शॉटपुट और जेवलिन थ्रो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेलकूद समारोह का समापन 4 अप्रैल को पुरस्कार वितरण के साथ होगा। इस अवसर पर शिक्षक संघ अध्यक्ष जन्मेजय तिवारी, कर्मचारी परिषद अध्यक्ष नीरज पाठक सहित शिक्षक, कर्मचारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।