रामनगरी में संडे की छुट्टी और गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रयागराज में माघ मेले के पावन स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामनगरी अयोध्या पहुंच रहे हैं, जिससे अयोध्या धाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जनसैलाब दिख रहा है। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भीड़ प्रबंधन के लिए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर स्वयं अपनी टीम के साथ ग्राउंड जीरो पर उतरे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि राम मंदिर और हनुमानगढ़ी क्षेत्र में श्रद्धालु पैदल चलकर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और भीड़ का दबाव लगातार बना हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए इन दोनों क्षेत्रों में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस, पीएसी और स्वयंसेवकों की तैनाती प्रमुख स्थानों पर की गई है। सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रयास है कि अयोध्या आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुखद अनुभूति के साथ दर्शन कर वापस लौटे।