श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देवगिरी ने अयोध्या से रवाना होने से पहले ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि चंपत राय का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है और उनके मन में किसी प्रकार का आक्रोश नहीं है। गोविंद देवगिरी ने कहा कि मुलाकात के दौरान चंपत राय के स्वास्थ्य, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, राम मंदिर की व्यवस्थाओं तथा हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि चंपत राय ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे नए निर्णयों और व्यवस्थाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। कोषाध्यक्ष ने कहा कि चंपत राय जीवनभर भारत माता की सेवा के लिए समर्पित रहे हैं और एक अनुशासित संगठन कार्यकर्ता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में जो भी कदम उठाए जा रहे हैं, उनमें चंपत राय का पूरा सहयोग और समर्थन है। गोविंद देवगिरी के इस बयान को हाल के विवादों के बीच चंपत राय के रुख को लेकर आई अटकलों पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।