राम मंदिर के शिखर पर होने वाले ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि यह कार्यक्रम 25 नवंबर को आयोजित होगा और करीब ढाई घंटे तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के ध्वज पर त्रेता युग में कोई चिन्ह रहा होगा। इस विषय पर संतों से जानकारी जुटाई जा रही है। मीडिया से भी उन्होंने अपील की कि यदि किसी के पास इससे संबंधित जानकारी हो तो साझा करें। चंपत राय ने बताया कि ध्वज का आकार और ऊंचाई पर हवा की गति और उसके प्रभाव जैसे सभी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है ताकि ध्वज लंबे समय तक मंदिर के शिखर पर लहराता रहे। उन्होंने कहा कि फिलहाल ध्वजारोहण को लेकर होमवर्क चल रहा है।