श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निकासी मार्ग पर गोल्फ कार्ट और ई-रिक्शा के बढ़ते संचालन से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दर्शन के बाद बाहर निकलते समय मार्ग पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहन भीड़ बढ़ा रहे हैं, जिससे पैदल चलना कठिन हो गया है। कई बार अचानक वाहन आने से हादसे की आशंका भी बनी रहती है। वाराणसी से आए श्रद्धालु रामनारायण गुप्ता ने बताया कि निकासी मार्ग पर वाहनों की भीड़ से निकलना मुश्किल हो जाता है, व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। वहीं लखनऊ की श्रद्धालु सीमा सिंह ने कहा कि दर्शन के बाद आराम से बाहर निकलने की उम्मीद रहती है, लेकिन रास्ते में अव्यवस्था से परेशानी बढ़ जाती है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि निकासी मार्ग को पूरी तरह पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित किया जाए और गोल्फ कार्ट व ई-रिक्शा का संचालन नियंत्रित किया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।